नई दिल्ली: 3 केंद्रीय कृषि कानूनों के खिलाफ पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और हरियाणा समेत दर्जनभर राज्यों के किसानों का आंदोलन लगातार 5वें दिन भी जारी है। इस बीच केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने ट्वीट कर कहा है कि देशभर में मंडियां समाप्त नहीं होंगी, बल्कि चलती रहेंगीं। उन्होंने ट्ववीट किया है- 'नए कृषि कानून APMC मंडियों को समाप्त नहीं करते हैं। मंडियां पहले की तरह ही चलती रहेंगी। नए कानून ने किसानों को अपनी फसल कहीं भी बेचने की आज़ादी दी है। जो भी किसानों को सबसे अच्छा दाम देगा वो फसल खरीद पायेगा चाहे वो मंडी में हो या मंडी के बाहर। #FarmBills'
सिंघु के साथ टीकरी और दिल्ली-यूपी बॉर्डर पर भी किसानों ने मोर्चा मोर्चा संभाल लिया है। इस बीच दिल्ली पुलिस ने बताया है कि सिंधु और टीकरी बॉर्डर पर सभी तरह का यातायात आवागन पूरी तरह से रोक दिया गया है।
यह भी जानकारी मिली है कि हरियाणा व पंजाब के किसानों ने रविवार को हरियाणा से सटे गांवों के रास्ते दिल्ली में प्रवेश कर लिया। दिल्ली में प्रवेश करने के बाद वे सिंघु बॉर्डर पर ही रुक गए। रविवार शाम एक ओर किसान प्रदर्शन कर रहे थे और पुलिस दूसरी तरफ तैनात थी। उसी समय पंजाब के अमृतसर से आया किसानों का जत्था सोनीपत से होते हुए हरियाणा की सीमा से सटे दिल्ली के गांवों में घुस गया। ट्रैक्टरों का यह बेड़ा इतनी आसानी से दिल्ली में प्रवेश कर गया कि किसी को इसकी भनक भी नहीं लगी। दिल्ली पुलिस के उच्च अधिकारी किसानों से बार-बार बुराड़ी के संत निरंकारी मैदान में जाने की अपील करते रहे, लेकिन किसानों ने पुलिस की एक न मानी और वहीं पर डेरा डाल दिया और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।